Tuesday, 20 December 2016

इंद्र एक पद

हिन्दू पुराणों में नागराज, वानरराज, पक्षीराज, दैत्यराज, गरुणराज, लंगूरराज, उल्लुकराज, मत्स्यराज आदि का वर्णन मिलता है। इनका भेष नाग, वानर, लंगूर, उल्लू के समान होता है।वानरराज सिर पर मुकुट धारण किये है तो पूँछ व मुख वानर के समान है। ऐसा ही भेष नाग, पक्षियों में भी देखने को मिलता है। पदमपुराण में कहा गया है कि यह विद्द्याधर रूपवान थे। जिन राजाओं के मुकुट एवं राज्य पताका में वानर का चिन्ह अंकित होता था, वे वानरवंशी कहलाये। जिन राजाओं के मुकुट व राज्यपताका में नाग चिन्ह होता था, वे नागवंशी कहलाये। इसी तरह क्रमशः अन्य पक्षी, दैत्य व मत्स्यवंशी कहलाये गए थे। उदाहरण के लिए खेल के मैदान में ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों को कंगारू कहते हैं। रामायण में ही वर्णन मिलता है कि दानव, वानर, गन्धर्व, यम आदि लंकेश्पति के पराक्रम को देखकर भयभीत होकर छुप जाया करते थे। बाली, राम, हनुमान, शनि के बल को  आश्चर्यचकित होकर देखते थे। इनके बल से रावण का विनाश करवाया गया। 

                   पदमपुराण में माहेन्द्र, ईशानेंद्र, नागेन्द्र, सुरेंद्र, सतेंद्र, लान्वेन्द्र, अहमेन्द्र, प्रतेंद्र, गरुणेंद्र, शुकेन्द्र, नरेंद्र, विद्द्युतकुमार, नागकुमार, दैत्यराज,वातकुमार, दिग्कुमार, असुरकुमार आदि सहस्त्र इंद्रों का वर्णन है। इनका अधिपति स्वर्ग का सौधर्म इंद्र होता था। 
                        इन पुराणों के वर्णन से निष्कर्ष यह निकलता है कि इंद्र एक पद है। स्वर्ग का नाम लंका अशनिवेग के समय पड़ा। आज कोई नगर का नाम है तो उस नगर का प्राचीन नाम कुछ और था जो आज हमें ज्ञात नहीं और आगे भी राज्य, नगरों के नाम बदलते रहेंगे। शेष माहेन्द्रलोक, सूर्यलोक, यमलोक आदि विभिन्न इंद्रों के लोक थे। स्वर्ग का अधिपति तीन लोक की शक्ति का केंद्र होता था। यह स्वर्ग (लंका) आर्यखंड में ही थी जिसके तथ्य सभी पुराणों के अनुसार प्रस्तुत किये जायेंगे। रामायण में वर्णित देवराज इंद्र है उनका नाम माहेन्द्र है और उनके भाई सुसेन थे। यह माहेन्द्र अत्यंत क्रूर थे। पुराणों में वर्णित घटनाओं के वर्णन से यथास्थिति संसार के सामने आएगी। रावण ने इनको अभयदान दिया था, उन्होंने ही विश्वासघात किया। 
                        उस समय लंका संसार की शक्ति का केंद्र थी। उसी तरह आज भी प्रत्येक देश की शक्ति केंद्र में होती है और उसका मुखिया प्रधानमंत्री होता है और अन्य मुख्यमंत्री, वित्तमंत्री, गृहमंत्री, विदेशमंत्री आदि और भी मंत्री होते हैं जो सब प्रधानमंत्री को शक्ति का केंद्र मानते हैं और नमन एवं सम्मान करते हैं। आज सभी अस्त्र-शस्त्र एक निश्चित केंद्र की सुरक्षा में होते हैं जो देश की सुरक्षा करते हैं और आवश्यकता पड़ने पर शत्रुओं का विनाश करते हैं। इनके उपयोग के नियम होते हैं। यह तो देश का उदाहरण है मुझे विश्वशक्ति का उदाहरण देना चाहिए, जिनके नियम हैं कि एक देश दूसरे देश पर आक्रमण न करे। विश्व शक्ति के और भी नियम है। यह उदाहरण लंका की शक्ति जानने के लिए दिए हैं जो लंका की दिव्यता से बहुत कम है। 

Tuesday, 13 December 2016

दशानंद को लंका प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना

एक बार कैकसी अपने पुत्रों के साथ छत पर बैठी हुई थी कि तभी पुष्पांतक विमान में बड़े ठाट से चतुरङ्ग सेना सहित अपनी बहन के पुत्र वैश्रवण को जाते हुए देखा। दशानंद और भानुकर्ण के मुख पर पीड़ा के भाव देखकर कैकसी के आँखों में आंसू आ गए। विभीषण को कुबेर, दानव और नागों द्धारा सदैव चुप रहने का आदेश प्राप्त था। योजना के अनुसार विभीषण बोले - माता ! तेरी आँखों में आंसू क्यों है ? क्या किसी दुष्ट ने तुझे कोई कष्ट दिया है। माता बोली - पुत्र ! यह कुबेर तुम्हारा सौतेला भाई है। इसने मेरी बहन के पुत्र वैश्रवण को लंका में पांचवा लोकपाल बनाकर लंका में शासक नियुक्त किया है। कुबेर के सहयोग से इसने इंद्र के समान वैभव प्राप्त कर लिया है और अब यह मेरे पुत्रों को नीचा दिखता रहता है। विभीषण बोले - माता ! इनके लोकपाल बन जाने से क्या होता है ? मैं कुछ ही दिनों में इनका घमंड दूर करूँगा। अधिक क्या कहूँ तू शीघ्र ही इन शत्रुओं का अंत देखेगी। इतने में दैत्यराज सुमाली आ गये और आँखों में आंसू भरकर बोले - पुत्रों ! लंकानगरी जो कुल परंपरा से तो हमारी है किन्तु अशनिवेग ने दानवों से छीन ली है और उसने वहां निर्घात नाम के दुष्ट विद्द्याधर शासक को नियुक्त कर रखा है। तभी से हमें प्राणों से प्यारी अपनी मातृभूमि छोड़ देनी पड़ी है। यह सब सुमाली और कुबेर की योजना थी, वे दशानंद को उकसा रहे थे। वानर, नाग, दानव या हज़ारों देवगण मिलकर भी राक्षसवंशीय अशनिवेग से लंका को नहीं छीन सकते थे। आवश्यकता थी कि दशानंद अपना पराक्रम दिखाए और वही हुआ जो कुबेर, सुमाली और वैश्रवण ने योजना बनायीं थी। दशानंद बोले - बाबा ! आप दुःख न करें। आपके जितने भी शत्रु हैं, मैं उन सबका अभिमान चूर कर दूंगा तभी मैं स्वयं को आपका वंशज कहूंगा। यह सुनकर दानव कुटुम्बियों ने कहा - तू हमारे कुल का भूषण है, चिरंजीवी हो पुत्र। इस तरह दशानंद को आशीर्वाद दिया। जैसा कि लिखा जा चुका है कि दैत्यराज सुमाली दशानंद के बाबा नहीं नाना थे। जैन पदमपुराण में बाबा बताया गया है। दानवों को लंका कभी नहीं मिली थी। राक्षसों और दानवों में क्रमशः पर्वत और राई के समान अंतर था। सुमाली ने कैकसी को झूठ कहा था कि यह लंका कभी हमारे पूर्वजों की थी अतः कैकसी अपने पुत्रों को आदेश देती है कि पिताश्री की आज्ञा का पालन हो। 

Tuesday, 6 December 2016

बहुरूपिया रत्नश्रवा (विश्रवा)

अपने पुत्रों के प्रति ऋषि-मुनियो के विरोध से परेशान रत्नश्रवा बोले - पुत्रों ! उचित-अनुचित का उत्तरदायित्व राजा का है, तुम इनसे विवाद मत करो। आनंद-भानुकर्ण ने अपने पिता को संतुष्ट करते हुए कहा - जैसी आपकी आज्ञा, पिताश्री। प्रसन्नचित्त रत्नश्रवा ऋषि-मुनियों के पास जाकर कहते हैं - मेरे पुत्र अब तुम्हे परेशान नहीं करेंगे। अब तक जो कुछ हुआ, दोनों पक्ष भूल जाएं और मेरे पुत्रों पर स्नेह बनाये रखें। कुबेर की छल-कपटी टोली ने रत्नश्रवा को बंदी बना लिया और बहुरूपिया रत्नश्रवा लंका आने लगा जो सदैव दोनों पुत्रों और कैकसी पर झुंझलाता रहता और फिर ऋषि-मुनियों के पास लौट जाता। 
                कैकसी विनती करके बोली - स्वामी ! अब हमारे चौथी संतान होने वाली है, आप इन अबोध संतानों को छोड़कर क्यों जाते हैं ? बहुरूपिया रत्नश्रवा बोले - तुम्हारे इन उदंडी बालकों के कारण मुझे उन ऋषि-मुनियों की शरण में जाना पड़ता है, मैं न जाता तो कुछ अनर्थ भी हो सकता था। अपने पिता की बातों को सुनकर दशानंद क्रोधित होकर बोले - मैं ऐसे पिता को नहीं मानता जो अपनी पत्नी और संतानों के प्रति स्नेह नहीं रखते। कर्तव्य से बचने के लिए आप उन ऋषियों के समान ही पाखंडी हो। इस तरह पुत्र का पिता से विद्रोह देखकर कुबेर,दानव, नाग अत्यंत प्रसन्न होते थे। बहुरूपिया रत्नश्रवा गर्भवती कैकसी के पास आते और कैकसी को निद्रा से ग्रसित करने के लिए कभी-कभी निद्रा विष दे दिया करते थे। कैकसी कहती है - स्वामी ! जब से मैं गर्भवती हुई हूँ मुझे निद्रा अधिक आती है। बहुरूपिया रत्नश्रवा बोले - प्रिये ! तुम्हारे गर्भ से भानुकर्ण जैसा निद्रा वाला पुत्र हुआ है उसका प्रभाव अभी भी तुम्हारे गर्भ पर है परंतु इस समय सोने से तुम्हे लाभ ही होगा। भोली-भाली कैकसी निद्रा के प्रभाव में यह न समझ पायी कि यह मेरे पति नहीं हैं। कैकसी ने चौथी संतान के रूप में पुत्र को जन्म दिया जो दोनों पुत्रों से अधिक अदभुत एवं अतिशयकारी था। बहुरूपिया रत्नश्रवा ने कैकसी के पुत्र का अपहरण कर ऋषि-मुनियों के आश्रम में पलने के लिए दे दिया और कुबेर का पुत्र कैकसी के पास डाल दिया। कैकसी अधिक निद्रा के कारण यह प्रपंच न समझ सकी। वह तो प्रसन्न थी कि उसके स्वामी ऐसे समय में उसके साथ है। अपने माता-पिता को प्रसन्नचित्त देखकर दशानंद भी प्रसन्न हुए कि अब उनके पिता माँ और नवजात पुत्र को प्रेम कर रहे हैं। कार्य पूर्ण हो जाने पर बहुरूपिया रत्नश्रवा कैकसी के दोनों पुत्रों को उकसाने लगे ताकि दशानंद उनसे विवाद करे और सभी को ज्ञात हो जाये कि पुत्र पिता के साथ भी असभ्य है। पिता के व्यवहार से परेशान दशानंद ने कहा - पिताश्री ! आप उन्हीं ऋषि-मुनियों के साथ रहें, मैं अपनी माता और भाई-बहनों को आपकी कमी अनुभव नहीं होने दूंगा। रत्नश्रवा के नाम की यथार्थता : रत्न = जिनका रत्न जैसा वर्ण, श्रा = तत्वों में श्रद्धा करने वाला, व = विवेकवान
ऋषि-मुनियों से भी अधिक बहुरूपिया रत्नश्रवा कैकसी, दशानंद, भानुकर्ण, चन्द्रनखा का अपमान करते थे। एक बार बहुरूपिया रत्नश्रवा बोले - ऋषि-मुनियों ने तुम्हारा नाम दशानंद से दशानन रखा, वह उचित ही है। तुम्हारे जैसा अभिमानी पुत्र किसी माता-पिता के जन्म न ले तब क्रोधित होकर दशानंद बोले - आप भी रत्नश्रवा नहीं विश्रवा हो। अपने नाम के विपरीत आपकी आत्मा में केवल विष भरा हुआ है। तुम्हारे जैसा पति और पिता ईश्वर किसी को न दे। पिता-पुत्र के विवादों से कैकसी अत्यंत दुखी होती पर वह सदैव अपने पुत्रों का पक्ष लेती थी। वह जानती थी कि मेरे पुत्र सत्य के मार्ग पर चलने वाले हैं। 

Friday, 2 December 2016

इच्छित रूप धारण करने की विद्द्याएँ

दानव, वानर, नाग देव-देवियों को अन्य स्त्री-पुरुष का रूप धारण करने की विद्द्या सिद्ध थी। नाग देव-देवियों के पास किसी को निद्रा विष देने की भी विद्द्याएँ थीं। शेषनाग अवतार लक्ष्मण की निद्रा उर्मिला को दे दी गयी थी। कालनेमि, मायावी ने लंकेशपति का रूप धारण करके बाली, हनुमान, राम एवं तीन लोक को भ्रमित किया। मारीच ने जामवंत, केसरी, अंजना का रूप धारण करके बाली और हनुमान को भ्रमित किया। स्वर्ण हिरण बनकर राम को भ्रमित किया। मंजरिका ने अंजनप्रदेश में आकर अंजना का रूप धारण किया। नाग कन्याओं ने लंकेशपति की पटरानियों का रूप धारण करके लंकेश को जो आघात पहुँचाया उससे संसार आज परिचित नहीं है। यह तो सब जानते हैं कि किसी का रूप धारण करना अर्थात छल। रूप बदलने की घटना और प्रसंग के कारण स्पष्ट हो जाने पर यथार्थता से परिचित होने पर संसार को निश्चित ही सुख की अनुभूति होगी। 
             सभी प्राचीन पुराणों में लिखा है कि रावण अत्यंत बलशाली थे। चौसठ रिद्धि-सिद्धियाँ थीं, असंख्यात दिव्यास्त्र थे, वानर, दानव, मानव, नाग उनको नहीं मार सकते थे। कैकसी के दूसरा पुत्र अतिशयकारी एवं अदभुत हुआ। जन्म होते ही बालक का प्रकाश संपूर्ण लंका में फ़ैल गया। जन्म से कवच-कुंडल होने के कारण रत्नश्रवा-कैकसी अपने पुत्र को भानुप्रकाश एवं भानुकर्ण नाम से संबोधित करते थे। कुबेर जानते थे कि दशानंद संकट में होंगे तो दूसरा पुत्र रक्षा करने मेँ समर्थ है। अतः नागों ने अपनी विद्या से बालक को जन्म से ही निद्रा की बीमारी से ग्रस्त कर दिया इसलिए उनका नाम कुम्भकर्ण पड़ा। किन्ही अज्ञानी पुरुषों का कहना है कि कुम्भकर्ण छः माह तक बराबर सोता रहता था और जब निद्रा से उठता तो भूख से पीड़ित होकर मोठे ताजे पूरे हाथी को एक ही बार में निगल जाता था।  सत्य यह है कि भानुकर्ण का आहार बहुत पवित्र था। वे मुनियों आहार देने के पश्चात् ही भोजन करते थे और उनका चित्त सदा धर्म-ध्यान में ही लगा रहता था। 
                  कैकसी के अति रूपवान पुत्री हुई जिसका चंद्रमा के समान वर्ण एवं मुख था। उसके रूप की उपमा चन्द्रमा से की जाती थी।  कैकसी ने अपनी पुत्री का नाम चन्द्रनखा रखा। कैकसी की संतानों का दशानंद से दशानन (रावण), भानुकरण से कुम्भकर्ण, चन्द्रनखा से सुपर्णणखा नाम शत्रुओं की देन थी। चौथे पुत्र विभीषण की भिन्नता का कारण अवश्य प्रकाश में आएगा, जो रूप, बल, काया में दशानंद और भानुकर्ण के आगे कुछ भी नहीं थे। यथार्थता जानने के लिए शोध आवश्यक है। "घर का भेदी लंका ढहाए इस" इस कथन की पुष्टि भी स्पष्ट होना है। 

Tuesday, 29 November 2016

कैकसी कौन ?

 रामायण के अनुसार कैकसी सुमाली की पुत्री थी तो जैन पदमपुराण के अनुसार कैकसी राजा व्योम बिंदु - रानी नंदवती की पुत्री थी। पदमपुराण में वर्णित - सुमाली के प्रीतिमति रानी से रत्नश्रवा नाम का गुणी व दयालु पुत्र हुआ। रत्नश्रवा रावण के पिता थे जिनका हिन्दू पुराणों में विश्रवा नाम है। कुबेर रावण के सौतेले भाई थे तो पदमपुराण के अनुसार कुबेर कैकसी की बहन के पुत्र थे। 
                   निष्कर्ष मेरा यह है कि कैकसी सुमाली की पुत्री थी। सुमाली ने अशनिवेग की गर्भवती पत्नी का हरण किया था, जिन्हें खोजने के लिये अशनिवेग ने विद्द्याधर निर्घात को पाताललोक भेजा जहाँ माली ने वज्र से निर्घात का ह्रदय बेध दिया, कैकसी अशनिवेग की हरण हुई गर्भवती पत्नी की पुत्री थी। कैकसी को यह ज्ञात नहीं था। कैकसी राक्षसवंश की पुत्री होने के कारण अत्यंत रूपवान एवं गुणवान थी। वह एक दिव्य कन्या थीँ, जिसके रावण-भानुकर्ण जैसे महापराक्रमी पुत्र हुए। कैकसी रत्नश्रवा से विवाह नहीं करना चाहती थीँ। रत्नश्रवा विवाहित थे और उम्र भी ज्यादा थी। कैकसी केवल १३ वर्ष की थीँ। सुमाली के कहने पर रत्नश्रवा से विवाह किया। कुबेर-सुमाली जानते थे कि दोनों राक्षसवंशीय होने के कारण संतान भी अत्यंत बलशाली होंगे जिनसे लंका का वैभव मिलेगा। कुबेर भी रत्नश्रवा के पुत्र थे किन्तु वे बलशाली नहीं थे, कारण कुबेर की माँ दानवपुत्री थी। कैकसी पुत्र के बाबा-अम्मा, ताऊ-ताई, चाचा-चाची, बुआ एवं इनके पुत्र-पुत्रियों का उल्लेख पुराणों में नहीं मिलता है, जिनकी छत्र-छाया बच्चों को सुरक्षा देती है। कैकसी के पिता सुमाली, माली, माल्यवान, मामा मारीच, मायावी मय, नानी, मामी एवं सहस्त्र दानवपुत्रियाँ थीं। कैकसी के लिए इनकी आत्मा में ज़रा भी स्नेह नहीं था। कैकसी के पुत्रों का जन्म से ही विनाश आरम्भ हो चुका था। 

Sunday, 27 November 2016

हठीले कैकसी पुत्र आनंद

कैकसी पुत्र आनंद जीव दया धर्म को मानने वाले थे। कोई पशु-पक्षियों को प्रताड़ित करे, तो वे पशु-पक्षियों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते थे। अशनिवेग रावण के पूर्व लंका के स्वामी थे। रत्नश्रवा (विश्रवा) अशनिवेग के राजमहल में ब्राम्हण पद के धारक थे और उनके पुत्र कुबेर लोकपाल थे। आनंद के माता-पिता दोनों ही राक्षस वंश के थे। राक्षस वंश से अभिप्राय होता है - धर्म, स्त्री, त्रियंच जीवों की रक्षा करने वाला। 
                      लोकपाल कुबेर जानते थे की सौतेले महाबलवान भाई आनंद को उसकी ही अच्छाई से पराजित किया जा सकता है। कुबेर ने दानव, वानर, नागों से मित्रता कर उन्हें लंका का वैभव पाने का लालच दिया। उस समय ऋषि-मुनि तपस्वी थे परंतु कुबेर ने दानव, वानर, नागों के साथ मिलकर प्रपंचकारी ऋषि-मुनियों की टोली बनायीं, जो जानबूझकर बालक आनंद के सामने पशुओं को प्रताड़ित करते थे। बालक आनंद उन ऋषियों से लड़ने-झगड़ने लगते। पिता पुत्र को समझाते - पुत्र ! तुम अबोध हो, तुम्हे इनसे झगड़ने की आवश्यकता नहीं है। हठीले आनंद नहीं जानते थे कि ऋषिगण प्रताड़ित पशुओं को नहीं  बल्कि उनको कर रहे हैं। कुबेर अपनी योजना पर अत्यंत प्रसन्न हुए। अब उन्होंने ऋषि-मुनियों को यज्ञ में पशुबलि की आज्ञा दी। बालक आनंद का साथ भानुकर्ण (कुम्भकर्ण) भी देते थे। यज्ञ में पशुओं की बलि दी जाता, तो वे क्रोधित होकर हवनकुंड में पानी डाल देते और पशुओं को स्वतंत्र कर देते थे। ऋषि-मुनियों ने कैकसी पुत्र के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव रखा और रत्नश्रवा से कहा - तुम अपने पुत्र को रोको, वह हमारे धर्म में विघ्न न डाले और उससे अपनी भूलों के लिए क्षमा मांगने को कहो अन्यथा हम सब उसे देवलोक से बाहर निकल देंगे। पिता ने पुत्र से क्षमा मांगने को कहा। इस पर बालक आनंद बोले - पिताश्री ! आप मुझे इन दुष्ट पाखंडियों से क्षमा मांगने को कह रहे हैं। मैं इनसे क्षमा नहीं मागूंगा। यदि यह सब हिंसा करेंगे, तो मैं इन्हें रोकूंगा। सभी ऋषिगण क्रोधित होकर बोले - रत्नश्रवा ! तेरा पुत्र बहुत उदंडी है, ये दशानंद नहीं दशानन है। जिन ऋषि-मुनियों की सभी पूजा व सम्मान करते हैं, तेरा पुत्र हम सभी को दौड़ा-दौड़ाकर मारता है। संसार इसे दशानन के नाम से जानेगा। इस प्रकार ऋषि-मुनियों की प्रपंचकारी टोली ने बालक आनंद के लिए दंड निर्धारित किया और आगे भी देते रहे। कोई एक अबोध बालक के साथ इतना छल कर सकता है तो युवावस्था में उनके साथ कितना छल करेगा। उन छल-प्रपंचों को आगे लेन का मेरा प्रयास है। 

Wednesday, 23 November 2016

लंकेश का नाम रावण क्यों पड़ा ?

घटनाओं की सत्यता जानने के लिए सर्वप्रथम जानना होगा कि रावण का नाम दशानंद था। कैकसी अपने पुत्र को आनंद कहती थी। रावण नाम बाली द्वारा दशानंद के ऊपर उपसर्ग (आक्रमण ही आक्रमण) करने के बाद पड़ा। कैकसी पुत्र का जन्म हुआ, बालक खेलता हुआ यक्षों द्वारा प्रदत वह हार जिसकी हज़ारों देवता रक्षा करते थे, उस हार के पास पहुँच गया और उसने हाथ से पकड़ लिया। बालक का यह पराक्रम देखकर राक्षस वंश के योद्धा परस्पर विचार करने लगे कि हमारा खोया हुआ राज्य यह पुनः ले लेगा। उस हार में लगे हुए रत्नों में बालक खिल-खिलाता हुआ सबने देखा। पिता रत्नश्रवा ने अपने पुत्र का नाम दशानंद (दस दिशाओं में आनंद फैलाने वाला) रखा। बालक आनंद अत्यंत रूपवान थे। बालक का बल, रूप देखकर माता-पिता अत्यंत हर्षित होते थे। दशानंद का जब विनाश आरम्भ हुआ तब शत्रुओं ने अपयश फैलाने के लिए रावण, दशानन, दसग्रीव, दसमुख आदि नामों से उन्हें संबोधित किया।

Tuesday, 22 November 2016

रामायण के प्रश्न

आज का युग शोध और खोज का है। पुराणों में वर्णित घटनाओं एवं प्रसंगों से हमारी आत्मा में प्रश्न उठना चाहिए और उत्तर भी प्राप्त करना चाहिए। राग-द्वेष सतयुग में भी थे। आचार्यों ने पुराण लिखे, तो उन्हें भी ज्ञात नहीं होगा कि सत्य-असत्य क्या है। उन्होंने जो परोक्ष में देखा-सुना, लिखा। 
                  रावण मंदोदरी से जबरदस्ती विवाह करने जाते हैं। राजा मय के मना करने पर उन्हें चंद्रहासखड्ग से भयभीत करते हुए कहते हैं कि मैं तुम्हारी पुत्री से ही विवाह करूँगा, अन्यथा मरने के लिए तैयार हो जाओ।  मय दानव पुत्री मंदोदरी रावण के पैर पकड़ते हुए कहती है - लंकेश ! मैं आपसे विवाह करने के लिए तैयार हूँ। आप मेरे माता-पिता पर दया कर छोड़ दीजिये तब मंदोदरी की माँ कहती हैं - दुष्ट, अत्याचारी, अधर्मी रावण ! मैं अपनी पुत्री का विवाह तेरे साथ नहीं होने दूंगी, क्योंकि तूने कुबेर से लंका छीनी, ऋषि-मुनियों के खून का तू प्यासा है, स्त्री तेरे नाम से थर-थर कांपती है और तो और तूने अपने ही पिता के साथ विद्रोह किया। मैं तुझे अपने बेटी नहीं ले जाने दूंगी। रावण मंदोदरी के पिता को धक्का देकर मंदोदरी को ले जाते हैं। बेबस मंदोदरी माँ-बाप के सामने रोती हुई जाती है, जैसे कोई बलात्कारी ले जा रहा हो, रावण ने सीता का हरण किया तो क्यों किया ? रावण यज्ञ, ऋषि-मुनि विरोधी था आदि घटनाओं के उत्तर मैं सभी धर्मों के प्राचीन ग्रंथों में वर्णित घटनाओं को क्रमबद्ध लिखूंगी। घटनाओं की जो यथार्थता सामने आएगी, उनमें मेरा उद्देश्य किसी भी धर्म की महत्ता को कम करना नहीं है।